logo

प्री प्लेसमेंट नहीं मिलने से तनाव में था प्रतीक, IIT–ISM सुसाइड केस में नया खुलासा

प्री प्लेसमेंट नहीं मिलने से तनाव में था प्रतीक, IIT–ISM सुसाइड केस में नया खुलासा

द फॉलोअप डेस्क,रांची
धनबाद स्थित आइआइटी आइएसएम में बीटेक की पढ़ाई कर रहे महाराष्ट्र के छात्र प्रतीक राजकुमार माने की मौत के मामले में धनबाद थाना में यूडी का मामला दर्ज किया गया है। 21 अक्टूबर को हॉस्टल की छठी मंजिल की बालकनी से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में छात्र के चाचा गोविंद माने का बयान दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि प्री-प्लेसमेंट में सफलता नहीं मिलने के कारण प्रतीक पिछले कुछ महीनों से मानसिक दबाव में था। चाचा ने आशंका जताई है कि इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया होगा। साथ ही उन्होंने घटना में किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका होने से भी इन्कार किया है।

सुबह फोन कर संस्थान ने दी थी हादसे की सूचना

गोविंद माने के अनुसार, 21 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे आइआइटी आइएसएम प्रबंधन की ओर से उन्हें फोन आया था। उन्हें बताया गया कि उनके भतीजे के साथ हॉस्टल में गिरने की घटना हुई है। सूचना मिलते ही वह धनबाद पहुंचे। इसके बाद शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में उन्हें प्रतीक की मौत की जानकारी मिली। बताया गया कि हॉस्टल की छठी मंजिल की बालकनी से नीचे गिरने के कारण उसकी जान चली गई।

पढ़ाई में मेधावी था प्रतीक, घरवालों से साझा की थी परेशानी

महाराष्ट्र के लातूर जिले के उदगीर क्षेत्र का रहने वाला प्रतीक आइआइटी आइएसएम में पेट्रोलियम ब्रांच से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। चाचा ने पुलिस को बताया कि प्रतीक पढ़ाई में काफी अच्छा था, लेकिन प्री-प्लेसमेंट में चयन नहीं होने के बाद से वह परेशान रहने लगा था। उसने परिवार के सदस्यों से भी अपनी चिंता साझा की थी। बातचीत के दौरान उसने कहा था कि अब उससे यह सब नहीं हो पा रहा है। चाचा के बयान के आधार पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Dhanbad IIT ISM Student Death Jharkhand News Maharashtra